विजय सिंह गुसाईं को आखिरी सलामी, क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से दी विदाई.
गांव पहुंचा शहीद विजय गुसाईं का पार्थिव शरीर, पूरा इलाका गमगीन.
भारत माता के सच्चे सपूत को श्रद्धांजलि, विजय गुसाईं अमर रहे के लगे जयकारे.
टिहरी: शहीद सैनिक विजय सिंह गुसाईं का पार्थिव शरीर आज सुबह सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव कंडारी (नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र) पहुंचा। जहां क्षेत्रवासियों और परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। विजय सिंह गुसाईं 7वीं गढ़वाल राइफल में तैनात थे और हाल ही में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे।
उनके अंतिम दर्शन के लिए पट्टी क्वीली, पालकोठ, धार अकरिया, मखलोगी और कुजणी समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग पहुंचे। इस दौरान ‘विजय सिंह गुसाईं अमर रहे’, ‘भारत माता की जय’, और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, विजय सिंह तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
पार्थिव शरीर को उनके घर से कोटेश्वर घाट तक सैनिक सम्मान के साथ ले जाया गया। वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शहीद को उनके भाई बिक्रम सिंह और 7 वर्षीय बेटे अर्नव ने मुखाग्नि दी। शहीद की माता कमली देवी, पत्नी पूजा देवी, छोटे बेटे अविरल समेत पूरे गांव ने गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी।
