रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार रात रुद्रप्रयाग जिले में दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे सामने आए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल या लापता हैं।
पहला हादसा रुद्रप्रयाग के सन बैंड के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चमोली जिला सहकारी बैंक सतेराखाल शाखा के मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे गोपेश्वर में बैंक की बैठक से लौट रहे थे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरा बड़ा हादसा बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के पास हुआ, जहां एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। वाहन में चालक समेत 19 तीर्थयात्री सवार थे। हादसे के दौरान 9 लोग छिटककर पहाड़ी पर अटक गए, जिनमें से एक की मौत हो गई और 8 घायल हो गए। शेष 10 तीर्थयात्रियों की तलाश जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य जारी है।
