विकासनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला विकासनगर क्षेत्र के हरिपुर मीनस मोटर मार्ग का है, जहां बीती रात एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर कोलिया खड्ड के पास गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक दिल्ली से टमाटर बेचकर हिमाचल प्रदेश के नेरवा लौट रहा था। देर रात लगभग 10:30 बजे, जब वाहन कोटी गांव से कुछ पहले पहुंचा, तभी यह दुर्घटना हो गई। ट्रक में कुल तीन लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना कालसी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल असलम (32) और गुलाम (45), दोनों निवासी नेरवा, शिमला (हिमाचल प्रदेश) हैं। वहीं, मृतक की पहचान इसराइल (28) पुत्र गुलाम निवासी नेरवा, शिमला के रूप में की गई है।
