पौड़ी: 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 31 अक्टूबर 2022 को पौड़ी जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। करीब ढाई वर्षों तक उन्होंने जिले में प्रशासनिक नेतृत्व करते हुए कई उल्लेखनीय पहल कीं। अब हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनका तबादला हो गया है।
पौड़ी से स्थानांतरण के बाद डॉ. चौहान ने गढ़वाली भाषा में एक भावुक विदाई पत्र लिखा, जो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा:
> “मेरा पौड़ी का भै-बैंणौ, नमस्कार!
मिल जतगा बि टैम यख बिताई, उ मिखणि सदानी समलौंण छीं।
मेरु ट्रांसफर ह्वे गे। मि त चल ग्यों, पर तुम्हरु प्यार, तुम्हरु लाड़ सदानी म्ये दगड़ि रौलु, बस इतगा आसा चा🙏🏻”
(अर्थात: “जो समय हमने साथ बिताया, वह मैं सदा सहेज कर रखूंगा। मेरा तबादला हो गया है, मैं चला गया, पर तुम्हारा प्यार और अपनापन सदा मेरे साथ रहेगा।”)


राजस्थान के उदयपुर के मूल निवासी डॉ. आशीष चौहान एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जो शिक्षा और सार्वजनिक सेवा से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने राजस्थान में शिक्षा प्राप्त करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा में 181वीं रैंक हासिल कर उत्तराखंड कैडर में स्थान पाया।
अपने प्रशासनिक जीवन में वे उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और पौड़ी जैसे पर्वतीय जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। उत्तरकाशी (2017-2020) और पिथौरागढ़ (2021-2022) में उनके कार्यकाल के दौरान आपदा प्रबंधन, आधारभूत ढांचा विकास और प्रशासनिक सुचिता को नई दिशा मिली।
पौड़ी में उनके कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, आपदा प्रबंधन और पलायन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस रहा। उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता, नवाचार और जन सहभागिता की स्पष्ट झलक देखी गई।
नवीन नियुक्ति: हालिया प्रशासनिक फेरबदल में डॉ. आशीष चौहान को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन और विकास प्राधिकरण (UCADA) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और खेल विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
