Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 6 जुलाई को नहीं, अब 27 जुलाई को होगी आयोजित

देहरादून: उत्तराखंड में पुलिस विभाग के अंतर्गत आरक्षी (कांस्टेबल) पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा को लेकर युवाओं को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने इस परीक्षा की पूर्व घोषित तिथि 6 जुलाई 2025 को स्थगित कर दिया है। आयोग के सचिव शिवकुमार बरनवाल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

यह निर्णय उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने के बाद लिया गया है। अब आयोग ने 27 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित करने की नई तिथि प्रस्तावित की है।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक नापजोख एवं दक्षता परीक्षा पहले ही 24 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्य के 17 परीक्षण केंद्रों में आयोजित की जा चुकी है। लेकिन इसके परिणाम को उच्च न्यायालय में चुनौती दिए जाने के बाद कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। करीब 2000 पदों के लिए हो रही यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। हाईकोर्ट के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अब चयन आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है।

Leave a Comment