Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

जिला पंचायत चुनाव को लेकर धीरेंद्र प्रताप का अल्मोड़ा दौरा, पार्टी रणनीति पर होगी अहम बैठकें

कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप 30 जून को अल्मोड़ा पहुंचेंगे, चुनावी तैयारियों की समीक्षा और नेताओं से व्यापक संवाद करेंगे.

अल्मोड़ा : उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और अल्मोड़ा जनपद में जिला पंचायत चुनाव के प्रभारी धीरेंद्र प्रताप आज 30 जून को अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। वह जिले के व्यापक दौरे पर रहेंगे और आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर पार्टी प्रत्याशियों के चयन, चुनावी रणनीति और रूपरेखा पर विचार-विमर्श करेंगे।

अपने दौरे के दौरान वे अल्मोड़ा और रानीखेत, दोनों जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकें लेंगे और संगठन के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे। पार्टी प्रवक्ता शीशपाल सिंह ने जानकारी दी कि 1 जुलाई को धीरेंद्र प्रताप सुबह और शाम को क्रमशः अल्मोड़ा और रानीखेत में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

धीरेंद्र प्रताप ने अल्मोड़ा रवाना होने से पूर्व बताया कि वे लगातार स्थानीय नेताओं से संपर्क में हैं। उन्होंने पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह कुंजवाल, रणजीत सिंह रावत, पूर्व प्रत्याशी गंगा पंचोली, अल्मोड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गुड्डू, रानीखेत कांग्रेस अध्यक्ष दीपक किरोला सहित कई वरिष्ठ नेताओं से चुनावी तैयारियों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि पार्टी में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है और उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस जिला पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करेगी।

इससे पहले धीरेंद्र प्रताप उत्तर प्रदेश के नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने अल्मोड़ा जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष और द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी उमा सिंह बिष्ट की तबीयत का हाल जाना। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और विश्वास जताया कि वह जल्द स्वस्थ होकर जनता के बीच फिर सक्रिय होंगी।

Leave a Comment