हरिद्वार: हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष पर अपनी ही 13 वर्षीय बेटी के साथ देह व्यापार और गैंगरेप कराने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच अब विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जाएगी। मुख्य आरोपी महिला और उसके दो साथी वर्तमान में रोशनाबाद जेल में बंद हैं। पुलिस मुख्यालय ने आईजी गढ़वाल रेंज को इस मामले की समीक्षा करने के बाद एसआईटी का गठन करने का निर्देश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने अपने दोस्त और अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपनी नाबालिग बेटी का यौन शोषण किया। पीड़ित बच्ची ने पुलिस को बताया है कि उसकी मां उसे नशे में धुत करके जंगलों, होटलों और कारों में ले जाकर इस घिनौने कार्य में संलिप्त रहती थी। पति द्वारा 4 जून को शिकायत दर्ज कराने के बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने आरोपी महिला नेता को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया। अब, हरिद्वार पुलिस मुख्यालय के अधीन एसएसपी पंकज गैरोला के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है, जिसमें अनुभवी अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि वे मामले की सभी बारीकियों की गहन और निष्पक्ष जांच करें। एसआईटी अपनी जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट और अन्य कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
