देहरादून: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत देहरादून जिले में 1090 पोलिंग बूथों के लिए मतदान कार्मिकों का पहला रेंडमाइजेशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (कार्मिक) अभिनव शाह की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया पूरी की गई।
1 जुलाई को आयोजित इस रेंडमाइजेशन में सॉफ्टवेयर के माध्यम से जिले के 14,000 पात्र कार्मिकों के डेटाबेस से 25 प्रतिशत रिजर्व सहित कुल 7,560 कार्मिकों का चयन किया गया। चयनित कार्मिकों में पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारी शामिल हैं।
देहरादून जनपद के 6 विकास खंडों में कुल 1,090 मतदेय स्थल हैं। पहले रेंडमाइजेशन के अनुसार 1,512 मतदान दल बनाए गए हैं। इन सभी दलों को मतदान कार्य हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा —
पीठासीन अधिकारियों को 6 जुलाई
प्रथम मतदान अधिकारियों को 7 जुलाई
दूसरे रेंडमाइजेशन में पोलिंग पार्टियों का गठन और ब्लॉक आवंटन किया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक महिला कार्मिक को द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में तैनात किया जाएगा, जिससे महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
पारदर्शिता बनाए रखने हेतु पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रणजीत सिंह चौहान, एडीआईओ अंकुश पांडेय, डीटीडीओ बृजेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
