Udayprabhat
uttrakhand

काशीपुर में 5 अवैध मजरों पर चली जेसीबी, सीलिंग भूमि पर अवैध कब्जे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

काशीपुर : उत्तराखंड सरकार द्वारा अवैध धार्मिक संरचनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार सुबह काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र में पांच अवैध मजारों को हटाया गया। प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई तड़के सुबह शुरू की, जिसमें सरकारी सीलिंग भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजारों को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस अभियान का नेतृत्व काशीपुर के उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि कुंडेश्वरी स्थित सरकारी आमबाग की सीलिंग की भूमि पर अवैध रूप से धार्मिक संरचनाएं बनाई गई थीं। कब्जे की आशंका के चलते 15 दिन पूर्व इन मजारों से जुड़े खादिमों को नोटिस जारी कर भूमि से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था।

दस्तावेज न पेश करने पर हटाई गई संरचनाएं

नियत समय में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पांचों मजारों को हटा दिया। प्रशासन का कहना है कि जहां ये मजारें बनी थीं, वहां कोई पुराना धार्मिक अवशेष या कब्र जैसी संरचना नहीं पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि ये मजारें हाल ही में कब्जे की नीयत से बनाई गई थीं।

प्रदेशभर में अब तक हटाई गईं 537 अवैध मजारें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत उत्तराखंड में अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अब तक प्रदेश में कुल 537 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है। मुख्यमंत्री पहले ही साफ कर चुके हैं कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास, चाहे किसी भी रूप में हों, बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Leave a Comment