Udayprabhat
uttrakhand

केदारनाथ यात्रा मार्ग भूस्खलन से बाधित, हजारों श्रद्धालु रास्ते में फंसे, रेस्क्यू जारी

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग एक बार फिर भूस्खलन की चपेट में आ गया है। गौरीकुंड के पास छोरी गदेरे में भारी बारिश के बाद अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से यात्रा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इससे यात्रा के दोनों छोरों पर हजारों श्रद्धालु फंस गए हैं। फिलहाल यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे तीर्थयात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीती रात की बारिश के बाद हुए भूस्खलन ने केदारनाथ धाम की यात्रा को प्रभावित किया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू कर दिया। रेस्क्यू कार्य दोनों छोरों से सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे यात्रा मार्ग भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है। लोक निर्माण विभाग की टीम मार्ग को बहाल करने में जुटी है। सुरक्षा बलों की निगरानी में यात्रियों को वैकल्पिक रूप से मार्ग पार कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि मानसूनी मौसम में यह मार्ग अत्यंत संवेदनशील हो गया है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति देखते हुए यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास में जुटा है, लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है।

Leave a Comment