Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

बाल विकास परियोजना कार्यालय में अव्यवस्थाएं चरम पर, भड़के नेगी

न बैठने की सुविधा, न पंखे, न पेयजल—जनता हो रही है परेशान, नेगी बोले- जल्द सुधार नहीं हुआ तो जड़ेंगे ताला.

विकासनगर: विकासनगर क्षेत्र के बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में आधार अपडेशन के लिए आ रहे नागरिकों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इन अव्यवस्थाओं को लेकर मोर्चा टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और प्रशासन की लापरवाही पर गहरा रोष प्रकट किया।

नेगी ने बताया कि कार्यालय में न तो बैठने की कोई व्यवस्था है, न ही पंखे या पेयजल की सुविधा, जिससे गर्मी के मौसम में जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि सुबह 5:00 बजे से ही लोग लाइन में लग जाते हैं, जिनमें महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ शामिल होती हैं।

उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि कार्यालय की बिल्डिंग पर कोई साइन बोर्ड नहीं लगा है, जिससे लोगों को सही स्थान ढूंढने में कठिनाई होती है। स्थानीय निवासियों को बार-बार कार्यालय का पता पूछने वालों से परेशानी हो रही है।

निदेशक से संपर्क न हो पाने के कारण नेगी ने जिला विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार से दूरभाष पर बातचीत की और अव्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए उच्च अधिकारियों को मांग पत्र भेजने की बात कही। नेगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधार नहीं किया गया तो कार्यालय में ताला जड़ दिया जाएगा।

Leave a Comment