हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर रहे। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत हर की पैड़ी से की, जहां उन्होंने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर नदी उत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से राज्य की सभी नदियों के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ऋषिकुल मैदान में आयोजित विकास संकल्प विशाल जनसभा में पहुँचे, जहाँ उन्होंने उत्तराखंड सरकार के बीते चार वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
सीएम धामी ने कहा कि जब उन्हें राज्य की बागडोर सौंपी गई, तब उत्तराखंड कई चुनौतियों से जूझ रहा था। उन्होंने बताया कि महिला समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को बाजार में टिकाने के लिए उनकी सरकार ने 1,000 करोड़ रुपये के विशेष कर पैकेज की व्यवस्था की।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में नकलविहीन परीक्षा कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) के क्रियान्वयन को शामिल करते हुए कहा कि इन ऐतिहासिक फैसलों से युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिले हैं।
नदी उत्सव की बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा के पावन तट से करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवभक्तों को शुद्ध व पौष्टिक भोजन मिले, इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने चार साल पूरे होने के अवसर पर मां गंगा के चरणों में कृतज्ञता व्यक्त की और राज्य को देश का सर्वोत्तम राज्य बनाने के अपने संकल्प को दोहराया।
