Udayprabhat
uttrakhandweather

उत्तराखंड में जबरदस्त बारिश का कहर, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज फिर जबरदस्त बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की आशंका के मद्देनज़र ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं, तो कई जगह पुल बह चुके हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को जरूरी वस्तुएं जुटाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र बारिश का दौर चल सकता है, जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और चमोली समेत अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी देहरादून में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, नदी-नालों के पास न जाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

 

Leave a Comment