देहरादून: बीते दिनों सड़क किनारे एक नवजात बालिका को छोड़ने का मामला अब सुलझ गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नवजात को छोड़ने वाले युवक-युवती एक निजी कॉलेज में पढ़ने वाले प्रेमी युगल हैं। दोनों ने पारिवारिक दबाव और सामाजिक मजबूरियों के चलते बच्ची को सड़क पर छोड़ने का फैसला लिया और इसके बाद खुद ही चाइल्ड हेल्पलाइन को फोन कर सूचना दी थी।
मामला 3 जुलाई की देर रात का है जब थाना क्लेमेंटाउन को सूचना मिली कि पंत मार्ग के पीछे वाली रोड पर एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुँची और नवजात को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचित किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने एक जांच टीम गठित की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वीडियो में एक स्कूटी सवार युवक और युवती नवजात को सड़क किनारे छोड़ते हुए नजर आए। जांच में सामने आया कि नवजात की सूचना देने वाला युवक ही उसे छोड़ने वाला था।
पुलिस पूछताछ में युवक ने टूटते हुए बताया कि नवजात बच्ची उसी की है और युवती उसकी प्रेमिका है, जो देहरादून के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। युवती ने 2 जुलाई को बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन पारिवारिक मजबूरियों के कारण वे उसे नहीं रख सके।
फिलहाल पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर लिया है और युवक-युवती की काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
