पर्वतीय बिगुल सामाजिक सांस्कृतिक संस्था ने स्थापना दिवस पर दिया सम्मान.
देहरादून: उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए देहरादून के जिलाधिकारी सचिन बंसल को सोमवार को लोकरत्न हिमालय सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें पारम्परिक पर्वतीय वाद्य यंत्र रणसिंघा व ढोल दमाऊ का प्रतीक चिह्न, अभिनन्दन पत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पर्वतीय बिगुल सामाजिक सांस्कृतिक संस्था की ओर से अपने 29वें स्थापना दिवस पर प्रदान किया गया। पदमश्री प्रीतम भरतवाण, गायिका मीना राणा, राज्य आन्दोलनकारियों समेत अनेक प्रतिष्ठित लोगों के हाथों से जिलाधिकारी को सम्मान दिया गया। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने लोक गीतों से समां बांध दिया।
सोमवार को दून पुस्तकालय के प्रेक्षागृह में आयाजित समारोह में संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रदीप भंडारी ने कहा कि देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यभार संभालते ही दिन रात सक्रिय रहकर स्वास्थ्य केन्द्रों को कार्यशैली में सुधार करना हो, 132 बच्चों को भिक्षावृत्ति से हटाकर उन्हें स्कूल भेजकर नया जीवन प्रदान करना हो, फरियादी बुजर्गों और दिव्यांगों के लिए निःशुल्क सारथी वाहन सेवा, दशकों से पीड़ित अनेक भूमि मालिकों को उनका हक दिलाना जैसे दर्जनों असाधारण निर्णय एवं उत्कृष्ट कार्य आज जनता के सम्मुख हैं।

सम्मानित किए जाने पर जिलाधिकारी ने पर्वतीय बिगुल सामाजिक सांस्कृतिक संस्था का आभार व्यक्त किया। डीएम ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए एक उपलब्धि नहीं, बल्कि आपकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है। कहा कि जनता की सेवा हमारी जिम्मेदारी है।
इस सम्मान से हमें पब्लिक सर्विसेज में और भी अधिक संवेदना और प्रतिबद्धता लाते हुए अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करने की आवस्यकता है। जिलाधिकारी ने नए दौर में तेजी से फैल रहे सामाजिक विकारों पर चिंता जाहिर को। उन्होंने बच्चों को अपनी लोक संस्कृति, परंपरा के साथा घर परिवार और कम्यूनिटी कल्बर से जोड़ने पर जोर दिया।
