चीन सीमा से सटे नीलापानी क्षेत्र में 4300 मीटर की ऊंचाई पर मिला बर्फ से बना शिवलिंग, पास में नंदी जैसी आकृति भी; आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाएं बढ़ीं.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड की नेलांग घाटी में चीन सीमा के निकट एक अनोखी खोज सामने आई है। स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की एक पर्वतारोहण टीम ने 4300 मीटर की ऊंचाई पर बर्फ से बनी एक शिवलिंग जैसी आकृति देखी है, जो जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ स्थित शिवलिंग की तरह प्रतीत होती है। इसके पास नंदी जैसी आकृति भी मौजूद है।
यह खोज नीलापानी क्षेत्र में उस समय हुई, जब SDRF की 20 सदस्यीय टीम अप्रैल माह में ट्रैकिंग और साहसिक खेलों के लिए नए स्थलों की खोज में निकली थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देशों के बाद, राज्य की उन चोटियों पर टीमें भेजी जा रही हैं, जहां अब तक कोई मानवीय गतिविधि नहीं हुई।
इसी अभियान के तहत SDRF की टीम ने नीलापानी क्षेत्र की 6,054 मीटर ऊँची एक अनाम चोटी पर सफल चढ़ाई की, जहाँ 4300 मीटर की ऊंचाई पर यह बर्फीली शिवलिंग आकृति देखी गई। विशेष बात यह है कि यह ऊंचाई अमरनाथ गुफा (जो लगभग 3,888 मीटर की ऊँचाई पर है) से अधिक है।
टीम द्वारा इस खोज की रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। यदि शासन इस स्थान को धार्मिक और पर्यटक दृष्टिकोण से विकसित करने का निर्णय लेता है, तो यहां भी अमरनाथ यात्रा जैसी एक आध्यात्मिक यात्रा का आरंभ हो सकता है।
गौरतलब है कि गंगोत्री धाम से लगभग 10 किलोमीटर पहले लंका पुल के पास नेलांग घाटी तक सड़क मार्ग उपलब्ध है, लेकिन यहां जाने के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक है। नीलापानी क्षेत्र तक पहुँचने के बाद पैदल ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जो बर्फीले और दुर्गम रास्तों से होकर गुजरती है। लगभग साढ़े चार किलोमीटर की कठिन ट्रैकिंग के बाद इस अद्भुत स्थान तक पहुँचा जा सकता है।
नेलांग घाटी में स्थित पार्वती कुंड पहले से ही एक लोकप्रिय आकर्षण है, जहां हर वर्ष कई पर्यटक पहुँचते हैं। अब इस नई खोज से क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाएं और अधिक प्रबल हो गई हैं।
