पुलिस को कंट्रोल रूम में कॉल से मिली जानकारी, कमरे से खून से सना बैट बरामद; आरोपियों की तलाश में बिजनौर भेजी गई टीम.
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पिता-पुत्रों के बीच हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। रविवार रात हुए इस घटनाक्रम में बेटों ने अपने पिता की बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस को इस घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली, जब किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों के घर की तलाशी ली। कमरे के अंदर खून बिखरा मिला, वहीं एक क्रिकेट बैट भी बरामद हुआ, जिस पर खून के निशान थे।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक और उसके बेटों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रविवार की रात भी दोनों पक्षों में तीखा विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान आरोप है कि बेटों ने गुस्से में आकर पिता पर बैट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मकान मालिक सुनील धनगर ने पुलिस में तहरीर दी, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
हरिद्वार के एसपी सिटी पंकज गैरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। एक पुलिस टीम बिजनौर भेजी गई है, जहां से कुछ अहम सुराग मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच में तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
