चमोली : उत्तराखंड जिले के हेलंग क्षेत्र में एक दुखद घटना में 27 वर्षीय युवक की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बल धन टुडू के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला था और हाल ही में मजदूरी के लिए बदरीनाथ आया था।
जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो उसके साथी उसे वापस झारखंड ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में वह अचानक हाथ छुड़ाकर भाग निकला और हेलंग में एक ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया।
साथियों ने उसे नीचे उतरने की अपील की, पर युवक ने किसी की बात नहीं मानी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरी खाई में गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना रविवार को हुई बताई जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
