श्रीनगर (गढ़वाल): उत्तराखंड में गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला श्रीनगर-पौड़ी मोटरमार्ग पर सामने आया है, जहां गंगा दर्शन मोड़ के पास टहल रहे एक युवक पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया।
घायल युवक की पहचान रोबिन कैतूरा (निवासी उफाल्डा, वार्ड नंबर 38) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त घटी जब रोबिन शाम को सैर के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झाड़ियों से अचानक निकले गुलदार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
हालांकि, रोबिन ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और खुद को बचाने की कोशिश की। आसपास मौजूद राहगीरों की मदद से गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घायल युवक को तुरंत संयुक्त अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले भी गुलदार की सक्रियता को लेकर संवेदनशील रहा है, लेकिन अब इंसानों पर हो रहे हमले चिंता का विषय हैं।
ग्रामीणों और राहगीरों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और गुलदार की बढ़ती सक्रियता पर नियंत्रण की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में वन्यजीवों की निगरानी के लिए टीम भेजी गई है। जल्द ही इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा और रात्रि गश्त भी बढ़ाई जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
