Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में भारी बारिश बनी जानलेवा, स्कूटी सवार और एक राहगीर की दर्दनाक मौत

देहरादून: बीती रात हुई तेज बारिश ने शहर में कहर बरपा दिया। बारिश के चलते दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई।

पहली घटना आईएसबीटी के पास मुस्कान चौक की है, जहां एक स्कूटी सवार युवक फिसलकर ट्रक से टकरा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ललित सिंह बिष्ट (40), निवासी नवादा के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी हर्ष अरोड़ा ने बताया कि मृतक के स्वजनों को सूचित कर पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी दुखद घटना तपोवन क्षेत्र में सामने आई। देर रात खाला उफान पर आ गया था, इसी दौरान लेन नंबर सात, तपोवन रोड निवासी अनिल (42) का पैर फिसल गया और वह खाले के तेज बहाव में बह गए। रायपुर थाना पुलिस को उनका शव लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर शांति विहार क्षेत्र से मिला। बताया गया कि अनिल पेशे से पेंटर थे।

प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्कता बरतने और जलभराव या बहाव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Comment