काशीपुर (उत्तराखंड)। सूर्या रोशनी लिमिटेड के काशीपुर स्थित प्लांट में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे प्लांट के भीतर हाइड्रोजन सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर ही एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई और उन्हें फैक्ट्री से बसों के माध्यम से बाहर भेज दिया गया। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतक की स्थिति बेहद दर्दनाक.
मृतक कर्मचारी की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार विस्फोट में उसके दोनों पैर कट गए थे और शरीर बुरी तरह झुलस गया था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
जांच शुरू, प्लांट बंद.
प्रशासनिक अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे की पूरी रिपोर्ट मांगी है। यह जांच का विषय है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। प्लांट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
प्लांट के पास रहने वाले स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल है। ब्लास्ट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
