Udayprabhat
uttrakhand

कांवड़ यात्रा के दौरान वारदात की साजिश, पिस्टल-तमंचे के साथ दो बदमाश रुड़की में गिरफ्तार

रुड़की: रुड़की में कांवड़ यात्रा के दौरान अपराध की साजिश रच रहे दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक 32 बोर का पिस्टल, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं, जिनसे अवैध हथियारों की एक बड़ी कड़ी जुड़ती नजर आ रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान निवासी बंदा रोड, माहिग्रान रोड और सलमान उर्फ लाखा निवासी रामपुर, थाना गंगनहर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों युवक कांवड़ यात्रा के दौरान किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

शुक्रवार को गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी अपनी टीम के साथ सालियर इलाके में विवेकानंद कॉलेज के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने दोनों को तुरंत पकड़ लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से एक 32 बोर का पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस मिले।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे मेरठ निवासी साजिद नामक व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने शहर और देहात के कई लोगों को पहले ही असलाह बेच दिए हैं। उन्होंने कई लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार किन लोगों तक पहुंचे और उनका इस्तेमाल कहां और कैसे हो सकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला सिर्फ स्थानीय स्तर का नहीं बल्कि एक अंतरजनपदीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात:

कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से एक बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई। पुलिस अब अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कोशिश में जुट गई है।

Leave a Comment