17 साल की बेटी भागी प्रेमी संग, माता-पिता ने करवा दी शादी — चारों पर मुकदमा.
बाल विवाह में परिजनों की सहमति बनी गुनाह — दूल्हा, मां और लड़की के माता-पिता गिरफ्तार.
कोटद्वार: एक चौंकाने वाले मामले में, बिजनौर के रायपुर सादात निवासी आकाश और उसकी मां नीतू पर आरोप है कि उन्होंने 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाकर उसका जबरन विवाह करवा दिया। यह घटना बीती चार जुलाई को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के बाद सामने आई।
शिकायत के अनुसार, किशोरी के माता-पिता ने आपसी सहमति से बेटी का विवाह आकाश से करवा दिया, जब कि पुलिस जांच में पता चला कि किशोरी और आकाश के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन महीने पहले, 8 अप्रैल को किशोरी घर छोड़कर आकाश के साथ चली गई थी, जिसके बाद उसकी मां नीतू ने उसे कोटद्वार कोतवाली में लाकर किसी भी प्रकार की जबरदस्ती का इनकार किया।
पुलिस ने काउंसलिंग के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया, लेकिन इसके बाद उसके माता-पिता की सहमति से शादी करवा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद आकाश, उसकी मां नीतू और किशोरी के माता-पिता को गिरफ्तार कर पौड़ी जेल भेज दिया गया।
