Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड: बेतरतीब हाईवे कट बना मौत का सबब, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

हल्द्वानी:  शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हल्दूचौड़ हाईवे पर बने एक अनियमित कट को पार करते समय बाइक सवार को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हल्दूचौड़ निवासी 40 वर्षीय दीपक जोशी के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में बिजली की दुकान चलाते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात लगभग 10 बजे हुआ जब दीपक जोशी एसबीआई बैंक के सामने बने कट को पार कर रहे थे। उसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बाइक सवार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई और फिर खुद भी अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे जा गिरी। कार में सवार बरेली निवासी दो लोगों को मामूली चोटें आईं।

घायल दीपक को तत्काल स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार और इलाके में गहरा शोक है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की लापरवाही का नतीजा है। जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां बना कट बेहद खतरनाक है और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। आए दिन वहां हादसे होते हैं लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment