Udayprabhat
uttrakhand

16 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एक ‘मोस्ट वांटेड’ शामिल – Smack Smuggler Arrested In Rudhapur

रुद्रपुर: जनपद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनसे कुल 121.56 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों में एक आरोपी चंपावत जनपद के लोहाघाट थाना क्षेत्र का ‘मोस्ट वांटेड’ तस्कर है, जिसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।

यह कार्रवाई पंचायत चुनावों को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में की गई। पुलभट्टा थाना और एएनटीएफ/एसओजी की संयुक्त टीम ने बरेली रोड स्थित राजपूत ढाबे के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक काली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से 111.56 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों की पहचान विरेस कुमार और हरनाम के रूप में हुई, जो भगवानपुर, थाना बिनावर, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह स्मैक बदायूं के नूरपुर गांव निवासी विजय नामक व्यक्ति से खरीदी थी।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में नानकमत्ता थाना पुलिस ने प्रतापपुर चौकी क्षेत्र में मच्छी झाला डैम के पास संदिग्ध अभिषेक ओली को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 ग्राम स्मैक और ₹10,700 नकद बरामद किए गए। जाँच में पता चला कि अभिषेक चंपावत जनपद के लोहाघाट थाना का ‘मोस्ट वांटेड’ नशा तस्कर है, जिसके विरुद्ध पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्यवाही जारी है।

Leave a Comment