Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में ढोंगी बाबाओं पर शिकंजा, ऑपरेशन कालनेमि के तहत 4 दिन में 111 ढोंगी बाबा गिरफ्तार

 गैर राज्यों से आए 20 फर्जी बाबा भी पकड़े गए.
साधु-संतों का भेष बनाकर ठगी कर रहे 29 ढोंगी पकड़े गए, जिनमें से 20 दूसरे राज्यों से आए थे।
 विकासनगर में जादू-टोना कर ठगी करने वाला गिरफ्तार.
दैवीय प्रकोप और भय का दिखावा कर लोगों को ठग रहा था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

देहरादून: देहरादून पुलिस का ऑपरेशन कालनेमि तेजी से कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जन आस्था के साथ छल करने वाले फर्जी बाबाओं के खिलाफ अभियान के तहत अब तक 111 ढोंगी बाबा पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। हाल ही में की गई कार्रवाई में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से साधु-संतों का भेष धरकर लोगों को ठगने वाले 29 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 20 अन्य राज्यों से आए हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए इन लोगों पर भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विकासनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति को जादू-टोना और दैवीय प्रकोप का भय दिखाकर ठगी करने के आरोप में पकड़ा गया।

इसी अभियान के तहत प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए एक झोलाछाप दवाखाने पर छापा मारा गया। यह केंद्र हरिद्वार के रोशनाबाद निवासी एक दंपति द्वारा चलाया जा रहा था, जो बिना वैध दस्तावेजों के जड़ी-बूटी से शर्तिया इलाज का दावा कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अतिक्रमण हटवाया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि “लोगों की आस्था के नाम पर धोखा देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे फर्जी बाबाओं की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए।

Leave a Comment