Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड: इंद्रानगर रेलवे फाटक पर रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत, दूसरा गंभीर

हल्द्वानी: दिल्ली से काठगोदाम जा रही रानीखेत एक्सप्रेस सोमवार सुबह एक बड़े हादसे का कारण बन गई। इंद्रानगर रेलवे फाटक के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के अस्पताल में रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रेलवे पटरी के किनारे टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही रानीखेत एक्सप्रेस ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग और जीआरपी पहुंची। घायलों को तुरंत हल्द्वानी रेलवे स्टेशन लाकर एंबुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इधर, युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक दोस्त थे और रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे।

Leave a Comment