रुड़की: रुड़की के सालियर-सालहापुर स्थित एक प्लास्टिक पॉलीमर कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर कंट्रोल रूम रुड़की को जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तत्काल प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अतर सिंह राणा के नेतृत्व में दमकल वाहन माधोपुर, सालियर-सालहापुर थाना क्षेत्र गंगनहर भेजे गए। शुरुआत में मोटर फायर इंजन से दो हौज पाइपों के जरिए पंपिंग कर आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए कांवड़ मेला ड्यूटी में तैनात रेलवे स्टेशन फायर यूनिट को भी मौके पर बुलाना पड़ा।
पास की अन्य कंपनियों पर भी आग फैलने का खतरा मंडराने लगा था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को सीमित कर लिया गया। पास की कंपनियों से पानी मंगवाकर आग पर लगातार पंपिंग कर उसे बुझाया गया। समय रहते कार्रवाई कर बड़ी तबाही टाल दी गई।
दमकल विभाग के अनुसार, आग से कंपनी में रखा प्लास्टिक, गत्ता और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं, प्लास्टिक जलने से उठे जहरीले धुएं के कारण दमघोंटू स्थिति बन गई थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
