Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

हरेला पर्व पर MDDA का हरित संकल्प, देहरादून में 60,000 पौधों के रोपण और वितरण की मुहिम शुरू

गौरा देवी पार्क और आढ़त बाजार में फलदार व औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण चेतना और जनसहभागिता को मिला बढ़ावा.

देहरादून: उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान हरेला पर्व पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) द्वारा आज एक वृहद हरित अभियान का आयोजन किया गया। प्राधिकरण ने न केवल वृक्षारोपण किया, बल्कि शहरभर में 60,000 पौधों के रोपण और वितरण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत डिफेंस कॉलोनी स्थित गौरा देवी पार्क और आढ़त बाजार क्षेत्र में पौधरोपण के साथ हुई, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने की। इस मौके पर सचिव मोहन बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, मुख्य अभियंता एच. सी. एस. राणा समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

MDDA द्वारा गौरा देवी पार्क में 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया, जबकि आढ़त बाजार क्षेत्र में जामुन, नीम, आंवला, कटहल और पॉम जैसे औषधीय व फलदार पौधे लगाए गए।

प्राधिकरण द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों व नागरिकों को 25,000 से 30,000 पौधों का वितरण भी किया गया। साथ ही, शिमला बायपास और आस-पास के क्षेत्रों में अन्य 25,000-30,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य तय किया गया है।

उपाध्यक्ष तिवारी ने अपने संबोधन में कहा, “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संस्कृति और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संगम है। हम इसे हरियाली बढ़ाने के एक व्यापक अभियान के रूप में ले रहे हैं।”

MDDA ने विश्वास जताया कि यह पहल केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हरित जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा बनेगी और नागरिकों को स्थायी पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Comment