पौड़ी गढ़वाल: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक गुरुवार को जिला सभागार में संपन्न हुई। बैठक में राशन वितरण, गैस आपूर्ति, अंत्योदय योजना, और उपभोक्ता शिकायतों की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अगस्त से 15 अगस्त तक जिलेभर में राशन कार्ड सत्यापन अभियान चलाया जाए। इस दौरान अपात्र व्यक्तियों के कार्ड निरस्त किए जाएंगे और उसके बाद उपजिलाधिकारियों द्वारा रैंडम सत्यापन और समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने राशन की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने और घटतौली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
गैस और खाद्यान्न आपूर्ति में पारदर्शिता पर जोर:
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियों का वितरण रोस्टर तैयार किया जाए ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन गोदामों में एक से अधिक स्थानों से गेहूं और चावल की आपूर्ति हो रही है, उन्हें एकल आपूर्ति केंद्र के रूप में चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि आपूर्ति व्यवस्था में सहजता और पारदर्शिता लाई जा सके।
सीएम अंत्योदय गैस योजना और आयुष्मान कार्ड से अपात्रों को हटाने के निर्देश:
सीएम अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना की सघन निगरानी के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लोगों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएं, उनकी सूची मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को भी दी जाए ताकि उनके आयुष्मान कार्डों से नाम हटाया जा सके।
कांवड़ यात्रा के दौरान गैस दुरुपयोग की सघन जांच:
बैठक में एडीएम (अपर जिलाधिकारी) ने निर्देशित किया कि घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में न हो। कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानों में इसकी सघन जांच की जाए।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अग्रिम तैयारियां पूरी:
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील सभी क्षेत्रों में अग्रिम खाद्यान्न आपूर्ति कर दी गई है। वर्तमान में किसी भी गोदाम की स्थिति संवेदनशील नहीं है। सस्ता गल्ला दुकानों तक डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था की गई है और ई-पॉइंट ऑफ सेल मशीनों के माध्यम से वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।
