हरिद्वार में महिला से मारपीट का मामला गरमाया, पुलिस ने शुरू की जांच.
हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पात की घटनाओं का सिलसिला जारी है। ताज़ा मामला हरिद्वार के कनखल क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ कुछ कांवड़ियों द्वारा एक स्थानीय महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो दो दिन पुराना है और वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद की घटना का है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं और युवक मिलकर एक महिला को गाली गलौच करते, बाल खींचते और चप्पलों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना के दौरान स्थानीय लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए और मामला शांत कराया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जानकारी दी कि पीड़ित महिला की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान की जा रही है और पीड़ित महिला से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, और इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
