Udayprabhat
accidentuttrakhand

देवप्रयाग के पास दर्दनाक सड़क हादसा, श्रद्धालु 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, SDRF ने किया रेस्क्यू

श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देवप्रयाग थाना क्षेत्र का है, जहां बाइक दुर्घटना में दो श्रद्धालु घायल हो गए। यह दुर्घटना मूल्या गांव से करीब 500 मीटर आगे, देवप्रयाग से लगभग 8 किलोमीटर पहले हुई, जब श्रद्धालु श्रीनगर की ओर जा रहे थे।

होंडा शाइन बाइक के अनियंत्रित होने से बाइक सवार मिंटू मिश्रा (27 वर्ष), निवासी सुंदर विहार, नई दिल्ली, सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक रमेश मिश्रा (30 वर्ष), पुत्र कुशेखर मिश्रा, निवासी लिलवा, हावड़ा (पश्चिम बंगाल), बाइक समेत लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग द्वारा पोस्ट श्रीनगर को अवगत कराया गया, जिसके बाद SDRF की श्रीनगर टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने रमेश मिश्रा को कठिन प्रयासों के बाद सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।

प्राथमिक उपचार के बाद रमेश मिश्रा को पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस द्वारा श्रीनगर अस्पताल भेजा गया। वहीं, सड़क पर घायल मिंटू मिश्रा को मौके पर प्राथमिक चिकित्सा दी गई। पुलिस और प्रशासन ने चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 29 जून को देवप्रयाग के पास शिवमूर्ति क्षेत्र में एक पिकअप वाहन खाई में गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था।

Leave a Comment