Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: शादी डॉट कॉम पर हुई दोस्ती युवक को पड़ी भारी, मिलने बुलाया, फिर किया ब्लैकमेल.. मांगे 10 लाख रुपये

महिला और उसके साथी ने दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की दी धमकी, मांगे 10 लाख रुपये, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.

हरिद्वार: ऑनलाइन विवाह वेबसाइट पर बनी एक दोस्ती कनखल निवासी युवक के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। आरोप है कि एक महिला ने युवक को देहरादून बुलाकर होटल में ले गई और वहां नशा कर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर महिला ने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और उसके बाद अपने साथी के साथ मिलकर युवक से 10 लाख रुपये की मांग करने लगी।

पीड़ित विकास गुप्ता, निवासी गायत्री लोक कॉलोनी, कनखल, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। 6 जुलाई को ‘निशा’ नाम की एक महिला ने उनसे संपर्क किया। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और 12 जुलाई को निशा ने विकास को देहरादून स्थित आईएसबीटी बुलाया। वहां से निशा खुद की कार से विकास को मसूरी रोड स्थित एक होटल में ले गई। रास्ते में दोनों ने रेस्टोरेंट में बीयर और खाना लिया।

होटल पहुंचने के बाद महिला ने फिर बीयर मंगवाई और नशे की हालत में अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब विकास ने विरोध किया तो निशा ने धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह दुष्कर्म का आरोप लगाकर जेल भिजवा देगी। इस दौरान महिला ने 10 हजार रुपये मांगे, जिसे युवक ने डर के कारण 20 हजार रुपये देकर मामले को वहीं शांत किया और रात में ही उसे वापस आईएसबीटी छोड़कर हरिद्वार लौट आया।

इसके बाद से ही निशा और उसके कथित साथी प्रशांत द्वारा फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए युवक को धमकाया जा रहा है। दोनों 10 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

इंस्पेक्टर चंद्रमोहन सिंह (कनखल) ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Comment