चार बेटियों की विधवा माँ को बीमा राशि न देने पर प्रिया की गुहार पर जिला प्रशासन का एक्शन, बैंक शाखा सील.
देहरादून: जिला प्रशासन इन दिनों जनहित के मुद्दों पर सख्त रुख अपना रहा है। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें एक बैंक द्वारा विधवा महिला को बीमित ऋण की राशि न देने और संपत्ति के कागज जब्त करने पर, प्रशासन ने बैंक शाखा को सील कर दिया।
यह मामला प्रिया नामक महिला का है, जिनके पति विकास कुमार की मृत्यु 12 जुलाई 2024 को हो गई थी। विकास ने सीएसएल फाइनेंस लिमिटेड से 6.50 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसके लिए बैंक के अनुरोध पर बीमा भी कराया गया था। बीमा प्रक्रिया में सभी आवश्यक मेडिकल जांच व औपचारिकताएं पूरी की गई थीं और ऋण का प्रीमियम भी काटा गया था।
पति की मृत्यु के बाद चार बेटियों की माँ प्रिया बीमा राशि के लिए एक वर्ष से संघर्ष कर रही थीं। बैंक न तो बीमा क्लेम की राशि दे रहा था और न ही नो ड्यूज प्रमाण पत्र। उल्टा, बैंक एजेंटों ने उनके घर के कागज भी जब्त कर लिए थे।
11 जुलाई 2025 को प्रिया ने जिलाधिकारी सविन बंसल के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बैंक को नोटिस जारी किया और 6.50 लाख की आरसी काट दी। एक सप्ताह की मोहलत के बावजूद बैंक ने सहयोग नहीं किया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने राजपुर रोड स्थित सीएसएल फाइनेंस शाखा को सील कर दिया।
जिला प्रशासन के इस कठोर कदम की आमजन में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन अब अपने प्रचंड रूप में दिखाई दे रहा है और आम जनता को न्याय दिलाने के लिए तत्पर है। डीएम के इस निर्णय से प्रशासन की जनहितकारी छवि और मजबूत हुई है।
