तीन साल से चल रहा था घोटाला, जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर; जांच में सामने आया शासकीय धन का गबन.
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रधानमंत्री पोषण योजना (पूर्व में मिड डे मील) से जुड़ा करोड़ों रुपये का घोटाला सामने आया है। थाना रायपुर क्षेत्र में एक संविदा कर्मचारी पर शासकीय धन को निजी खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। शिक्षा विभाग की ओर से दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती के अनुसार, एमआईएस समन्वयक नवीन सिंह रावत, जो पिछले एक दशक से उपनल के माध्यम से कार्यरत थे, ने वर्ष 2023 से अब तक योजना की बची हुई राशि को करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये अज्ञात खातों में ट्रांसफर किया। यह ट्रांजेक्शन सीएसएस पोर्टल के ज़रिए नेट बैंकिंग का दुरुपयोग कर किया गया।
शिकायत में बताया गया कि नवीन सिंह को देहरादून के सभी सरकारी स्कूलों के पोषण योजना संचालन का जिम्मा सौंपा गया था। संदेह के आधार पर जुलाई 2025 में विभागीय जांच शुरू की गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हो चुकी है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
