3.5 करोड़ से अधिक कांवड़िए भर चुके गंगाजल, प्रशासन सावन शिवरात्रि तक व्यवस्था बनाने में जुटा.
हरिद्वार: कांवड़ मेला 2025 अब अपने अंतिम चरण में है। 23 जुलाई को सावन शिवरात्रि है और उससे पहले हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लाखों की संख्या में कांवड़िए बाइक और स्कूटी पर पहुंच रहे हैं और गंगाजल भरकर अपने-अपने शिवालयों की ओर रवाना हो रहे हैं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है, जिससे संपूर्ण धर्मनगरी भगवामय हो गई है।

हरकी पैड़ी, बैरागी कैंप और अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल फुल हो चुके हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 23 जुलाई तक हरकी पैड़ी क्षेत्र की पार्किंग को खाली करवा लिया जाए और 31 जुलाई तक मेला क्षेत्र की पूरी सफाई हो जाए।
अब तक करीब 3.5 करोड़ कांवड़िए गंगाजल भर चुके हैं, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन ने कांवड़ मार्गों को शहर से अलग किया है, ताकि स्थानीय लोगों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

अंतिम दिनों में डाक कांवड़ का जोर देखने को मिल रहा है। हाईवे और मुख्य सड़कों पर भगवा झंडों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। बारिश के बीच भी डाक कांवड़ियों का सैलाब थमता नजर नहीं आ रहा।
प्रशासन और पुलिस का लगातार प्रयास है कि हाईवे पर ट्रैफिक सुचारू बना रहे। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात हैं और ट्रैफिक नियंत्रण में लगे हुए हैं ताकि शिवरात्रि तक यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।

