झबरेड़ा थाना क्षेत्र में काम पर जा रहे युवक की जान गई, हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा.
रुड़की: हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सोमवार सुबह कोटवाल आलमपुर गांव के पास हुआ, जब फैक्ट्री जा रहा युवक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर बोगी से जा टकराया।
मृतक की पहचान शेखर निवासी शेरपुर खेलमऊ गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार सुबह बाइक से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहा था। रास्ते में हल्की बारिश हो रही थी और कोटवाल आलमपुर गांव के समीप उसकी बाइक बोगी से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शेखर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर बोगी आगे जा रही है और अचानक पीछे से तेज रफ्तार बाइक आकर टकरा जाती है।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शेखर की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर झबरेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत: दूसरी घटना लक्सर के पास अकोढ़ा खुर्द गांव में हुई, जहां ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय योगेश शर्मा निवासी कोटद्वार के रूप में हुई है, जो लक्सर में एक समोसे की दुकान पर काम करते थे और ट्रेन से घर लौट रहे थे। रास्ते में गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
