रुद्रपुर: किच्छा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात जंगल में गौकशी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो गौ तस्करों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, बीते दिन उन्हें सूचना मिली थी कि बंगाली कॉलोनी, आज़ाद नगर क्षेत्र में दो व्यक्तियों द्वारा गौकशी की गई है। टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। इसके बाद सुराग जुटाकर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जंगल में फिर से गौकशी की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और घने जंगल में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में किच्छा पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों तस्कर घायल हो गए। गोली उनके पैरों में लगी है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा खुद जिला अस्पताल पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारियों से मुठभेड़ की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों से भी पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही किच्छा कोतवाली और पुलभट्टा थाने में गौकशी, अवैध हथियार और पशु क्रूरता से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को ठीक होते ही कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से इलाके में पुलिस की तत्परता और अपराध पर अंकुश लगाने के प्रयासों को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के साथ और कौन-कौन इस अवैध कारोबार में शामिल है।
