चमोली: बदरीनाथ धाम में कथित फर्जी ऑनलाइन पूजा कराए जाने का मामला सामने आया है, जिससे श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने इस फर्जीवाड़े के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ मंदिर में ऑनलाइन पूजा की कोई व्यवस्था नहीं है और वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह से भ्रामक है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बीकेटीसी का लोगो लगाकर एक व्यक्ति ऑनलाइन पूजा कराने का दावा कर रहा है। वह कहता है कि यदि श्रद्धालु तय राशि भेजते हैं तो उनके नाम से पूजा कराई जाएगी। इस वीडियो के सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बदरीनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
भट्ट ने स्पष्ट किया कि मंदिर में ऑनलाइन पूजा कराए जाने की कोई व्यवस्था नहीं है। हां, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में कराए जाने वाली पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग अवश्य की जाती है, लेकिन श्रद्धालुओं को स्वयं मंदिर आकर पूजा में शामिल होना होता है। केवल बुकिंग ऑनलाइन होती है, पूजा का निष्पादन नहीं।
तीन दिन पूर्व ही बीकेटीसी ने इस विषय में पुलिस को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की थी। समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह वीडियो लोगों को गुमराह करने वाला है और इससे मंदिर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस का आईटी सेल भी इस वीडियो की सत्यता की जांच कर रहा है।
बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने जानकारी दी कि उन्हें समिति से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और इस पर विधिवत जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन है और यह फर्जीवाड़ा किस उद्देश्य से किया गया।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से ही पूजा बुकिंग कराएं और किसी भी अनाधिकृत दावे या वीडियो पर विश्वास न करें।
