Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: बीडी सिंह बने बीकेटीसी में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार, सरकार ने जारी की अधिसूचना, तीर्थ पुरोहित ने जताई खुशी

देहरादून: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी बीडी सिंह को सरकार ने मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है। इससे पहले वे केवल सलाहकार के रूप में कार्यरत थे, लेकिन अब उनका कद और बढ़ाते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीडी सिंह पूर्व में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी रह चुके हैं और चारधाम यात्रा संचालन सहित मंदिर समिति के प्रशासनिक कार्यों में उनका अनुभव गहरा रहा है। इसी अनुभव को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 24 जुलाई को अधिसूचना जारी कर उन्हें चारधाम यात्रा और बीकेटीसी के लिए मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार (अवैतनिक) नियुक्त किया है। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि बीकेटीसी उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

बीडी सिंह की नियुक्ति पर तीर्थ पुरोहित समाज, बीकेटीसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजेंद्र विष्ट, सचिव भूपेंद्र रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

बता दें कि बीकेटीसी लंबे समय से विभिन्न विवादों में घिरा रहा है। पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय के कार्यकाल में भी कई विवाद हुए थे और वर्तमान में भी समिति को लेकर चर्चाएं जारी हैं। हाल ही में बीकेटीसी अध्यक्ष द्वारा केदारनाथ में प्रतिबंध के बावजूद हेलीकॉप्टर उड़ाने की घटना भी चर्चा का विषय बनी रही।

ऐसे समय में बीडी सिंह जैसे अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति से मंदिर समिति के संचालन में पारदर्शिता और व्यवस्था की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment