रुड़की: निगम के एक लिपिक को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये की अवैध मांग करने वाले आरोपी को रुड़की पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 50 हजार रुपये की नकद राशि भी बरामद की है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि नगर निगम रुड़की में तैनात लिपिक राजीव भटनागर ने सिविल लाइन कोतवाली में तहरीर देकर मामले की जानकारी दी थी। राजीव ने बताया कि लगभग 10–12 दिन पहले वह और नगर निगम में तैनात एई प्रेम कुमार शर्मा कार्यालय में मौजूद थे, तभी थाना पथरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति उनसे मिलने आया।
उस शख्स ने खुद को ठेकेदार बताते हुए ठेकेदारी से जुड़ी बातचीत की, इसी दौरान उसने गुप्त रूप से बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उस वीडियो को एडिट कर जेई गुरुदयाल को दिखाया गया, जिससे वे और एई शर्मा घबरा गए। इसके बाद राजीव को ठेकेदार निखिल वर्मा ने बताया कि वह व्यक्ति इस एडिटेड वीडियो के माध्यम से 20 लाख रुपये की मांग कर रहा है।
बातचीत के बाद 16 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और आरोपी ने रकम वसूलने के लिए दिल्ली-हरिद्वार रोड स्थित कोर कॉलेज अंडरपास पर बुलाया। इसकी सूचना राजीव भटनागर ने पुलिस को दी और 50 हजार रुपये लेकर पुलिस टीम के साथ तय स्थान पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां नहीं आया।
बाद में राजीव ने आरोपी को व्हाट्सएप कॉल की, तो उसने लोकेशन बदलकर शांतरशाह अंडरपास बुलाया। वहां जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपये लिए, पुलिस ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ब्लैकमेलिंग की बात कबूल की।
आरोपी के पास से 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई, जो शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए थे। पुलिस ने उसे सिविल लाइन कोतवाली लाकर पूछताछ की और बाद में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश मिला।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार से धमकी या फिर पैसे की मांग करता है, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
