डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत STF ने की अहम कार्रवाई, डेढ़ साल से फरार था लुटेरा अमरजीत उर्फ अम्मु
देहरादून: उत्तराखंड पुलिस को डीजीपी श्री दीपम सेठ के निर्देशन में चलाए जा रहे “विशेष अभियान” के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में लंबे समय से फरार चल रहे ईनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
07 अगस्त 2025 को उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे कुख्यात आरोपी अमरजीत उर्फ अम्मु पुत्र गुलजार सिंह, निवासी झंडी वाली गली, खैरपुर कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, जनपद सिरसा (हरियाणा) को पंजाब के जनपद संगरूर से गिरफ्तार किया है।
यह मामला 10 अगस्त 2023 का है, जब रात्रि के समय तीन अज्ञात बदमाशों ने राघव विहार, प्रेमनगर निवासी राजेश सिंह से मोटरसाइकिल (UK07FF7202) लूट ली थी। इस संबंध में प्रेमनगर थाने में एफआईआर संख्या 168/23, धारा 392 व 411 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पता चला कि इस वारदात में शामिल एक अभियुक्त अमरजीत उर्फ अम्मु घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने सुरागरसी, पतारसी एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता ली, जिसके बाद उसे संगरूर (पंजाब) की मुबारक महल कॉलोनी, थाना सिटी संगरूर से धर दबोचा गया।
एसटीएफ प्रमुख श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी टीम के कुशल समन्वय और तकनीकी सहायता के कारण संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, और पुलिस विभाग हर उस व्यक्ति को न्याय के दायरे में लाने के लिए कटिबद्ध है, जो अपराध में संलिप्त है या कानून से भाग रहा है।
डीजीपी दीपम सेठ द्वारा प्रदेश भर में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अब तक कई वांछितों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
यह कार्रवाई उत्तराखंड पुलिस की सतर्कता, तत्परता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। आने वाले समय में भी STF ऐसे ही अभियान चलाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
