Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून के चौराहों को मिला नया रूप, डीएम की पहल पर सौंदर्यीकरण व यातायात सुगमता का संगम

डीएम सविन बंसल की पहल पर कुठालगेट, साई मंदिर और दिलाराम चौक का चौड़ीकरण, स्लिप रोड निर्माण और पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में.

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को कुठालगेट, साईं मंदिर, दिलाराम चौक और घंटाघर पर चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और एक सप्ताह के भीतर सभी कार्य समाप्त कर दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में चार प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण और राउंडअबाउट बनाने का निर्णय लिया गया। कुठालगेट और साई मंदिर तिराहे पर 10 मीटर चौड़ी अतिरिक्त स्लिप रोड तैयार की गई है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

इसके साथ ही, शहर के प्रमुख चौराहों को पहाड़ी पारंपरिक शैली में डिज़ाइन किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को गढ़वाल और कुमाऊं की संस्कृति की झलक मिल सके। चौराहों को राज्य की महान विभूतियों, आंदोलनकारियों की मूर्तियों और सांस्कृतिक कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं में निर्माण के साथ-साथ अगले तीन वर्षों तक रखरखाव का भी प्रावधान किया गया है।

डीएम बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से स्मार्ट सिटी बजट से 10 करोड़ रुपये की राशि इस परियोजना में लगाई गई है। इसमें केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि यातायात प्रबंधन को और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक ढांचा भी तैयार किया जा रहा है। शहर के 11 प्रमुख जंक्शनों पर नई ट्रैफिक लाइटें स्थापित की गई हैं, वहीं पुलिस के पुराने सीसीटीवी कैमरों को भी एकीकृत कर यातायात की निगरानी को और सशक्त किया गया है।

इन कार्यों के पूरा होने पर देहरादून के प्रमुख चौराहे न केवल आधुनिक और व्यवस्थित दिखेंगे, बल्कि उनमें स्थानीय संस्कृति, इतिहास और परंपरा की भी झलक मिलेगी। इससे पर्यटकों को शहर की विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा और साथ ही स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित होगा।

Leave a Comment