देहरादून: मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हो रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित व स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “हर घर जल” का प्रमाणीकरण वास्तविक स्थिति पर आधारित होना चाहिए। ग्राम सभाओं में पारदर्शी प्रमाणन प्रक्रिया अपनाई जाए और महिलाओं तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में जल गुणवत्ता जांच, जल स्रोतों की स्थिरता, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण और ग्राम स्तर पर सूचना-शिक्षा-संचार गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।
सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में नल जल मित्रों की नियुक्ति व प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण किया जाए। नल जल मित्रों को जल गुणवत्ता परीक्षण किट का प्रयोग कर नियमित रूप से पानी की जांच करने हेतु सक्षम बनाया जाए। साथ ही, उन्हें प्रोत्साहन राशि सुनिश्चित कराई जाए ताकि कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि नल जल मित्र केवल तकनीकी संचालन का हिस्सा नहीं होंगे, बल्कि ग्राम स्तर पर जल प्रहरी की भूमिका निभाएंगे। उनकी सक्रियता से “हर घर नल से जल” का लक्ष्य समयबद्ध और स्थायी रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।
