Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में शुरू हुआ पहला आधुनिक टीकाकरण केंद्र, सीडीओ ने बेटे का टीका लगवाकर दिया संदेश

देहरादून: जिले में स्थापित राज्य के पहले सरकारी आधुनिक टीकाकरण केंद्र में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने डेढ़ माह के बेटे का टीकाकरण कराकर सराहनीय पहल की है। उनके इस कदम से आमजन को प्रेरणा मिलेगी और अधिक से अधिक लोग इस केंद्र का लाभ उठा पाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने टीकाकरण केंद्र पर पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन किया और प्रतिदिन हो रहे वैक्सीनेशन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण उनकी सेहत और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यह आधुनिक केंद्र जिला चिकित्सालय में स्थापित किया गया है, जहां निजी चिकित्सालयों की तुलना में पूरी तरह नि:शुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। खास बात यह है कि कामकाजी अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहता है। केंद्र को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाया गया है। यहां बच्चों के खेलने की व्यवस्था, निगरानी कक्ष तथा आरामदायक वातावरण उपलब्ध है। वर्तमान में प्रतिदिन 40 से 50 बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है, जबकि कई बार यह संख्या इससे अधिक रहती है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की पहल पर यह केंद्र स्थापित हुआ है, जिसका उद्देश्य शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करना और लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बिना हिचकिचाहट अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराएँ। साथ ही कहा कि ऐसे केंद्रों की स्थापना सरकार और जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Comment