देहरादून। शिमला बाइपास मार्ग के निकट एक निर्माणाधीन पार्क में गौवंश कटान की सूचना पर हिंदुवादी संगठनों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होने पित्थूवाला अलका डेरी चौक पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मुश्किल से उन्हें समझाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
विहिप बजरंग दल व क्षेत्रवासियों ने रविवार को पित्थूवाला अलका डेरी चौक पर जाम लगाया। बजरंग दल के विकास वर्मा ने कहा कि शनिवार को हरबंसवाला, उससे पहले चानचक, टी स्टेट और अब शहर के व्यस्ततम शिमला बाइपास मार्ग के निकट ही मुख्य चौराहे के पास निर्माणाधीन पार्क में गौ वंश कटान किया गया। बहुत लंबे समय से पुलिस को सूचित किया जा रहा है कि गौ हत्यारे मांस को पैक कर होम डिलीवरी कर रहे हैं। जैसे-जैसे कार्यकर्ताओं को सूचना मिलती रही, वे क्षेत्र में जुटना शुरू हो गए। पुलिस की बहुत भारी तैनाती क्षेत्र में होने लगी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर गाली गलौज कर इधर-उधर दौडाना शुरू कर दिया।
विकास वर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं व गौरक्षकों के साथ गाली गलौज और लाठी चार्ज भी किया। इससे गौरक्षक बजरंग दल के कार्यकर्ता व विश्व हिंदू परिषद के अधिकारी भड़क गए और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस गौ हत्यारों के प्रति नर्मी बरत रही है जबकि गौ रक्षको पर लाठी चार्ज व गाली गलौज कर उन्हें प्रताड़ित व अपमानित किया जा रहा है। इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि विनोद चमोली भी पहुंचे व पुलिस के द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ लाठी चार्ज वह गाली गलौज की निंदा की। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने पहुंचकर मामले को संभाला और 24 घंटे में दोनों घटनाओं के दोषी को हत्यारों को पकड़कर सख्त सजा दिलवाने का आश्वासन दिया। इस पर क्षेत्र का जाम खुला।
