खटीमा। सशस्त्र सीमा बल ने प्रतिबंधित चाइनीज लहसुन की बड़ी खेप बरामद कर कस्टम को सौंप दिया। 57वीं वाहिनी एसएसबी कमांडेंट मनोहर लाल के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसएसबी को सूचना मिली कि नेपाल से लाकर प्रतिबंधित चाइनीज लहसुन की बड़ी खेप मेलाघाट में एक घर में छुपाकर रखी गई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसएसबी व कस्टम टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए छापा मारा। छापे के दौरान टीम को 45 बैगों में भरे हुए 1350 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज लहसुन बरामद किया गया। एसएसबी ने बरामद माल को वैधानिक कार्रवाई के लिए कस्टम के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित चाइनीज लहसुन नेपाल से भारत लाकर मेलाघाट क्षेत्र में एकत्र की गई थी, जिसे आसपास के बाजारों में सप्लाई करने की योजना थी। एसएसबी जवानों ने तस्करों के इस मंसूबे को विफल कर दिया। कमांडेंट मनोहर लाल ने कहा कि एसएसबी तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के प्रयास किये जा रहे हैं।
