Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में नीरज, बेकल उत्साही व बशीर बद्र की स्मृति में कवि सम्मेलन व मुशायरा आयोजित

रुड़की: रुड़की स्थित मोहिनी देवी डिग्री कॉलेज में पद्म विभूषण गोपाल दास ‘नीरज’, पद्मश्री बेकल उत्साही और पद्मश्री बशीर बद्र की स्मृति में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए नामचीन कवियों और शायरों ने काव्य और गजलों के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला जज एवं शायरा सुश्री मीना खान नाज ने कहा कि साहित्य समाज को जोड़ने और संस्कृति को संरक्षित रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तम साहित्य ही एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव रखता है। एसपी देहात प्रोफेसर शेखर चंद सुयाल ने कविता और शायरी को साधना बताते हुए कहा कि यह एक आध्यात्मिक प्रक्रिया के समान है, जिसमें कवि अपने भावों को समाज के लिए प्रस्तुत करता है।

विशिष्ट अतिथियों में मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन, उद्योगपति मुशर्रफ अली खान, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने महान साहित्यकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कवि सम्मेलन का आनंद लिया।

कार्यक्रम में मैकश आजमी, मोनिका अरोरा मंतशा, शशांक नीरज, मनोज आर्य, प्रदीप दीवाना, अशोक पाल सिंह सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से देशभक्ति, प्रेम, सामाजिक समरसता और वीर रस की प्रस्तुति दी। गजलों और कविताओं ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और साहित्यिक रंगों से भर दिया।

कार्यक्रम संयोजक अफजल मंगलौरी ने भी अपनी शायरी से न्याय और प्रेम के भावों को प्रस्तुत किया। कॉलेज प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, कवियों और पत्रकारों का स्वागत शॉल, पुष्पमालाओं और स्मृति चिन्ह देकर किया गया। अंत में कॉलेज चेयरमैन मनीषा सिंघल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीतों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को साहित्यिक गरिमा और सांस्कृतिक ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Comment