देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 205 कैडेट्स ने पुलिस कार्यालय देहरादून का भ्रमण किया। इस दौरान कैडेट्स ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से शिष्टाचार भेंट कर पुलिस की कार्यप्रणाली और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान एसएसपी देहरादून ने कैडेट्स के साथ संवाद कर सेना और पुलिस के बीच आंतरिक सुरक्षा के मुद्दों पर समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किसी भी सैन्य या नागरिक संकट की स्थिति में दोनों सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद आवश्यक है।

एसएसपी ने प्रशिक्षणाधीन कैडेट्स को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे नए तरीकों के बारे में जानकारी दी। साथ ही, सेना के जवानों को निशाना बनाने वाले साइबर स्कैम्स के उदाहरण देकर उनके प्रति सतर्क रहने के उपाय बताए। सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी उन्होंने कैडेट्स को आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया। इस दौरान एसएसपी ने आकस्मिक परिस्थितियों में पुलिस सहायता हेतु कंट्रोल रूम नंबर 112 की भूमिका और उसकी कार्यप्रणाली का भी विस्तृत परिचय दिया।
