Udayprabhat
uttrakhand

Uttarakhand: नगरासू विवाद को लेकर तनाव बरकरार, जांच की मांग तेज, सीमाओं पर पुलिस-ITBP अलर्ट

रुद्रप्रयाग: कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग के नगरासू क्षेत्र में 16 जून को हुए विवाद के बाद हालात को लेकर तनाव अभी भी बना हुआ है। डीजीपी दीपम सेठ ने कहा है कि पुलिस और प्रशासन ने विभिन्न संगठनों के सहयोग से स्थिति को संयम और धैर्य के साथ नियंत्रित किया है, हालांकि कुछ लोगों द्वारा आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग की शिकायतें भी सामने आई हैं।

विवाद के बाद स्थानीय लोगों ने निहंगों के खिलाफ कार्रवाई न होने को लेकर रुद्रप्रयाग के गुलाबराय मैदान में प्रदर्शन किया। इसमें पौड़ी, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं चमोली जिला पंचायत की बैठक में इस मामले की जांच चमोली पुलिस को सौंपने की मांग उठी।

इधर, हिमाचल प्रदेश सीमा से निहंग सिखों के उत्तराखंड में प्रवेश की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। कुल्हाल और डाकपत्थर सीमाओं पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, जबकि आईटीबीपी को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

घटना के बाद से पुलिस जांच जारी है। बुधवार को डीआईजी यशवंत सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। वे अपनी रिपोर्ट आईजी को सौंपेंगे। 16 जून की घटना में दो स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसके बाद तीन निहंगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि एक आरोपी का इलाज श्रीनगर बेस अस्पताल में चल रहा है।

मामले में दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है और जांच हरिद्वार पुलिस को सौंपी गई है। वहीं व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने जांच को हरिद्वार स्थानांतरित करने के फैसले को वापस लेने, घायलों के इलाज की जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा उठाने और चारधाम यात्रा के दौरान हथियारों पर प्रतिबंध जैसी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है।

Leave a Comment